Loading...

हिमाचल: ओपीएस बहाली के बाद अब कर्मचारियों को डीए का इंतजार, आज हो सकती है घोषणा…

By PRIYANKA THAKUR Published: 25 Jan 2023, 10:01 AM | Updated: 25 Jan 2023, 10:01 AM 1 min read

HNN / शिमला

हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को पूर्ण राजत्व दिवस के मौके पर यानि आज डीए या एरियर का सुक्खू सरकार तोहफा दे सकती है। कर्मचारियों को ओपीएस बहाली के फैसले के बाद अब उन्हें उम्मीद है कि पूर्ण राज्यत्व दिवस पर सरकार डीए के भुगतान की घोषणा कर सकती है। सचिवालय के साथ-साथ शिमला में कर्मी डीए की किश्त का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारियों को उम्मीद है कि हमीरपुर में होने वाले राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू डीए के भुगतान की घोषणा करेंगे।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने कैबिनेट की पहली बैठक में नेशनल पेंशन स्कीम के दायरे में शामिल प्रदेश के कर्मियों को वादे के मुताबिक ओपीएस बहाली का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले से राज्य के लगभग 1.36 लाख कर्मचारियों को राहत मिलेगी। प्रदेश की कमजोर वित्तीय हालत की वजह से पूर्व सरकार कर्मियों को छठे पंजाब वेतन आयोग के एरियर की एक किश्त का ही भुगतान कर सकी थी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही कह चुके हैं कि एरियर के भुगतान के लिए सरकार को करीब 8 हजार करोड़ की दरकार है। प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर ही डीए का भुगतान होता है। मगर बीते एक साल से केंद्र सरकार के कर्मियों को डीए की जनवरी व जुलाई की किश्तों का भुगतान हो चुका है। इसके विपरीत हिमाचल के कर्मचारी इसका इंतजार कर रहे हैं।

डीए की 7 फीसद किस्त के भुगतान के लिए करीब 750 करोड़ की रकम चाहिए। सरकार ने हाल ही में 1500 करोड़ के कर्ज के लिए आवेदन किया है।

Related Topics: