Loading...

हिमाचल की चेरी पहली बार इतने रुपए बॉक्स के रेट पर बिकी…..

Ankita • 17 May 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल की चेरी को पहली बार मंडी में 2000 रुपए बॉक्स का रिकाॅर्ड दाम मिला है। 1,400 ग्राम के दो पैनेट का बाॅक्स मंगलवार सुबह दिल्ली की आजादपुर मंडी में आज तक के रिकाॅर्ड रेट पर बिका। शिमला के बागवान की चेरी को बढ़िया गुणवत्ता और बड़े आकार के चलते खरीदारों ने हाथों हाथ लिया।

दिल्ली, गुड़गांव और नोएडा के बड़े माल में फ्रूट सप्लाई करने वाले एजेंसी ने यह चेरी खरीदी। शिमला जिले के कोटगढ़ के कोटीधार निवासी बागवान अशोक चौहान ने मरचेंट किस्म की चेरी की खेप आजादपुर मंडी भेजी थी। चेरी बॉक्स के भीतर पारदर्शी पैनेट में पैक थी। इसलिए गुणवत्ता साफ दिख रही थी।

अशोक चौहान ने बताया कि उन्हें 800 से 1000 रुपए तक रेट की उम्मीद थी, लेकिन 2000 रुपए तो सोचा ही नहीं था। अशोक तीन पीढ़ियों से चेरी उत्पादन कर रहे हैं। आज तक कभी भी चेरी को यह रेट नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उनके बगीचे में अभी करीब 400 बॉक्स चेरी बाकी बची है, उम्मीद है उसे भी बढ़िया दाम मिलेगा।

आजादपुर मंडी दिल्ली की सुंदर दास एंड संस (एसडीएस) बी-184 के संचालक सुनित चौधरी ने बताया कि इस साल चेरी की फसल कम है, मंडी में जो चेरी पहुंच रही है उसकी क्वालिटी अच्छी नहीं है। कोटगढ़ की चेरी का साइज और क्वालिटी बहुत बढ़िया थी। इसीलिए 2000 रुपए बॉक्स रेट मिला है, यह आज तक का रिकाॅर्ड रेट है। हिमाचल में सालाना 300 से 400 मीट्रिक टन चेरी उत्पादन होता है। शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में चेरी उगाई जाती है।