हिमाचल की पहाड़ियों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, पर्यटकों का लगा जमावड़ा
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों ने एक बार फिर से बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। प्रदेश की पहाड़ियों पर ताजा हिमपात हुआ है जिससे समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। एक तरफ जहां पहाड़ों पर ताजा हिमपात हुआ है तो वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के मैदानी जिलों में कोहरा छाए रहने से चालको को परेशानी उठानी पड़ रही है।
बता दे कि प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी हुई है तो वही कई क्षेत्रों में बारिश भी दर्ज की गई है जिससे किसानों सहित बागवानों ने राहत की सांस ली है। हिमाचल के ऊंचे क्षेत्रों में बीती रात से शनिवार तक हिल्स क्वीन शिमला सहित कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, मंडी, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई है।
बर्फबारी के बीच मस्ती करने के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटक प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में पहुंचे हैं। शनिवार को भी हिल्स क्वीन शिमला के तमाम पर्यटन स्थलों में सैलानियों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। कई सैलानी बर्फ के गोले बनाकर एक-दूसरे पर फेंकते रहे। वहीं, कई फोटोग्राफी में व्यस्त रहे।
उधर, मौसम विभाग ने कल मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। इसके अलावा 18 और 19 को फिर बारिश-बर्फबारी होने का अनुमान लगाया गया है।