हिमाचल के इन जिलों में आज बाढ़ आने की चेतावनी जारी….
प्रदेश में 288 सड़कें बंद, 458 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में शनिवार रात से बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश जमकर अपना कहर बरपा रही है। जगह जगह नुकसान की सूचना मिल रही है। इसके साथ ही कई जगह भूस्ख़लन का सिलसिला भी जारी है। राज्य में सैंकड़ो मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़े हुए है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में 288 सड़कें बंद हैं और पांच नेशनल हाईवे से भी कनेक्शन कट चुका है। इसके साथ ही 458 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं। किन्नौर जिले के पूह खंड के अंतर्गत काह कैंची में भारी बारिश होने से एनएच बंद हो गया है। बादल फटने से मलबा सड़क पर गिरा है। वहीं, स्पीति का संपर्क देर रात से देश प्रदेश से कटा हुआ है।
एनएच बंद होने से लोग पैदल चलने के लिए मजबूर हो चुके हैं। जिला मंडी में भारी बारिश के चलते दो एनएच सहित सभी मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड बंद हो गए हैं। जिलाभर में भूस्खलन के चलते यह मार्ग बंद हुए हैं। एनएच मंडी कुल्लू बार बार विभिन्न स्थानों पर बाधित हो रहा है।
मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में रविवार से 16 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में रविवार को बाढ़ आने की चेतावनी भी जारी हुई है।