हिमाचल के इन जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बीती रात भारी बारिश हुई। जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान नाहन की सड़कें तलाब बन चुकी थी। नाहन में कई जगह लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया था, जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ। लोगों को पूरी रात जाग कर काटनी पड़ी।
बता दें शुक्रवार रात को नाहन में 168.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस अलावा संधोल 106.4, नगरोटा सूरियां 93.2, धौलाकुआं 67.0, जुब्बरहट्टी 53.2, कंडाघाट 45.6, धर्मशाला 13.0, कांगड़ा 12.6 व नारकंडा में 19.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आज भी कई भागों में सुबह से ही बारिश हो रही है। बीती रत हुई भारी बारिश से कई जगह मार्ग भी बंद पड़े हुए है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन से प्रदेश में 50 से अधिक सड़कें व पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। कई भागों में बिजली आपूर्ति ठप है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी राज्य के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी व सिरमौर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 11 से 16 अगस्त तक कुछ स्थानों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।