हिमाचल के कई भागों में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आज सुबह से दोपहर तक झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से मौसम काफी सुहावना हो गया है। मैदानी क्षेत्रों के लोगों ने भी गर्मी से काफी राहत महसूस की है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश के कई भागों में 18 से 21 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार राज्य के कई भागों में 23 जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना है। बता दें प्रदेश के कई जिलों में पिछले एक-दो दिनों से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। परन्तु आज तेज बारिश होने की वजह से लोगों ने चिपचिपी गर्मी से काफी राहत ली है।
इसके साथ ही किसानों और बागवानों के चेहरे बारिश होने से खिल उठे है। वहीं प्रशासन द्वारा लोगों से नदी नालों की तरफ न जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पर्यटकों से पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ रुख न करने की अपील की गई है।