हिमाचल के कई भागों में पांच दिनों तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के भागों में बीती रात काफी बारिश हुई। इस दौरान लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। नाहन में 60.4, बिलासपुर 8.4, कसौली 3.0, पांवटा साहिब 1.4 व सलापड़ में 1.1 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी शिमला में आज सुबह से हल्की धूप खिलने के साथ धुंध छाई हुई है। बीती रात हुई तेज बारिश होने की वजह से लोगों ने चिपचिपी गर्मी से काफी राहत ली है।
इसके साथ ही किसानों और बागवानों के चेहरे बारिश होने से खिल उठे है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कई भागों में आज से पांच दिनों तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ भागों में 20, 21 व 24 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
जबकि 22 व 23 जुलाई के लिए कुछ भागों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग की ओर से कांगड़ा, मंडी, शिमला व सिरमौर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। किन्नौर व लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई हिस्सों में 26 जुलाई तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है।