Loading...

हिमाचल के कुछ भागों में एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट

Ankita • 24 Jul 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला में आज हल्की धूप खिलने के साथ धुंध छाई हुई है। इसके अलावा प्रदेश के कई भागों में मौसम खराब बना हुआ है। बीती रात बैजनाथ में 85.0, पालमपुर 25.2, जोगिंद्रनगर 18.0, धर्मशाला 10.4, पांवटा साहिब 7.6, सैंज 7.5, काहू 7.5, कसौली 7.4 व शिमला में 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला व सिरमौर के कुछ स्थानों पर 24 से 30 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट है। राज्य के कई भागों में भारी बारिश हो रही है। जिससे नदी नलों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। चंबा-तलेरू मार्ग पर छौ के समीप सुबह करीब 7:00 बजे अचानक नाले का जल स्तर बढ़ गया।

इससे बड़ी मात्रा में मलबा व पानी सड़क पर आने लगा। इसके बाद मार्ग से होकर गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई। वहीं प्रशासन द्वारा लोगों से नदी नालों की तरफ न जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पर्यटकों से पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ रुख न करने की अपील की गई है।