हिमाचल के वीर सपूत कुलभूषण मांटा को मरणोपरांत शौर्य चक्र
बारामूला में आतंकी मुठभेड़ में हुए थे बलिदान, मां और पत्नी नीतू ने प्राप्त किया सम्मान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के वीर सपूत कुलभूषण मांटा को मरणोपरांत शौर्य चक्र मिला है। बता दें कुलभूषण मांटा शिमला जिले की तहसील कुपवी के गौंठ गांव के रहने वाले थे। राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में बलिदानी राइफलमैन कुलभूषण मांटा की मां दुर्मा देवी और धर्मपत्नी नीतू कुमारी ने यह सम्मान ग्रहण किया।
बता दें कि कुलभूषण मांटा 52 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान थे। वह वर्ष 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। अक्तूबर 2022 में बारामूला में एक ऑप्रेशन के दौरान अतंकियों से मुठभेड़ के दौरान राइफलमैन कुलभूषण मांटा ने गोली लगने के बावजूद एक आतंकी को जिंदा पकड़ा था।
27 अक्तूबर को वह बलिदान हो गए थे। कुलभूषण मांटा को उनकी सराहनीय बहादुरी, कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र से नवाजा गया।