हिमाचल के 11 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 220 करोड़ रुपये, 24 किस्तों में मिल चुकी है 5,230 करोड़ की सम्मान निधि
हर किसान के खाते में पहुंचे 2,000 रुपये, डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार; कांग्रेस पर भी साधा निशाना
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन
हिमाचल प्रदेश के करीब 11 लाख किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 220 करोड़ रुपये की राशि पहुंची है। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। केंद्र सरकार की इस आर्थिक सहायता पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने दावा किया कि योजना की शुरुआत से अब तक हिमाचल के किसानों को 24 किस्तों में करीब 5,230 करोड़ रुपये की सहायता मिल चुकी है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल जैसे कृषि और बागवानी प्रधान राज्य में छोटी जोत वाले किसानों के लिए यह राशि काफी महत्वपूर्ण है। खेती की बढ़ती लागत के बीच खाद, बीज और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में यह आर्थिक मदद किसानों के काम आती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये दिए जाते हैं। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खातों में पहुंचती है। योजना की 24 किस्तों के हिसाब से प्रत्येक लाभार्थी किसान को अब तक 48,000 रुपये मिलने का प्रावधान है।
बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को बिचौलियों से मुक्त रखते हुए सीधे बैंक खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत की है। उनके मुताबिक पिछले आठ वर्षों से जारी यह योजना किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ केंद्र सरकार गरीब और छोटे किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचा रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को किसानों के हितों पर सकारात्मक भूमिका निभाने की नसीहत भी दी।
डॉ. बिंदल ने प्रदेश के सभी लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।