हिमाचल के 3 जिलों से अयोध्या जाएंगी एचआरटीसी बसें, यूपी सरकार ने दी मंजूरी
HNN/ शिमला
देवभूमि हिमाचल प्रदेश के लोग अब बस में प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या का भ्रमण कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम को अयोध्या के लिए तीन बसें चलाने की मंजूरी दे दी है।
हिमाचल सरकार ने दर्शन सेवा स्कीम के तहत यूपी सरकार से अयोध्या के लिए 6 बसें चलाने की अनुमति मांगी थी। परंतु फ़िलहाल उत्तर प्रदेश सरकार ने 3 रूट का परमिट दिया है। बता दें शिमला, हमीरपुर और ऊना से बसाें का संचालन शुरू किया जाएगा, जिसकी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।
एचआरटीसी के बेड़े में शामिल हुई बीएस-6 सीरिज की नई बसों को अयोध्या के लिए चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार से मंजूरी मिलने के बाद एचआरटीसी ने शिमला, हमीरपुर और ऊना से बसों का टाइम टेबल तैयार कर लिया है।