हिमाचल को 320 नई पीजी मेडिकल सीटें और 415 करोड़ रुपये की मंजूरी: बिंदल
प्रदेश सरकार समयबद्ध तरीके से शुरू करे सीटें, पहले स्वीकृत धनराशि के उपयोग पर भी उठाए सवाल
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन, 24 अक्टूबर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को मजबूती देने के लिए मेडिकल कॉलेजों में पीजी की 320 नई सीटों को मंजूरी दी है। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए 415 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी स्वीकृत की गई है।
उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया।डॉ. बिंदल ने कहा कि पीजी सीटों में विस्तार से एमडी और एमएस की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को नए अवसर मिलेंगे। मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग और नाक-कान-गला सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं में सीटें बढ़ने से भविष्य में प्रदेश को अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य हिमाचल में दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार से मिली 415 करोड़ रुपये की सहायता का समयबद्ध और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना अब प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी केंद्र सरकार ने मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संस्थानों, कैंसर संस्थानों और आधुनिक प्रयोगशालाओं के विस्तार के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई, लेकिन कई परियोजनाओं में देरी के कारण मरीजों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार से पूर्व में स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने और नई पीजी सीटें निर्धारित समयसीमा में शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त आधारभूत ढांचा, आधुनिक उपकरण, योग्य शिक्षकों और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जानी चाहिए।