Loading...

बाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा पर ड्रोन से नजर, पुलिस और रिजर्व बटालियन के जवान रहेंगे तैनात

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

एएसपी नरेंद्र कुमार की अपील—शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखें, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

नाहन

बीते शुक्रवार को नाहन में सिख और वाल्मीकि समुदाय के बीच हुए हिंसक संघर्ष के बाद रविवार को प्रस्तावित वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी की है।

शोभायात्रा के दौरान ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि और शांति भंग करने की कोशिश पर समय रहते नजर रखी जा सके।जिला सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा के लिए सिरमौर पुलिस के साथ रिजर्व बटालियन के जवानों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

पुलिस का पूरा ध्यान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और धार्मिक आयोजन को सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने पर रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एएसपी नरेंद्र कुमार ने लोगों से शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन सभी समुदायों की भावनाओं से जुड़े होते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करे और किसी भी तरह की अफवाह, उकसावे या सामाजिक तनाव को बढ़ावा देने वाली गतिविधि से दूर रहे।

उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सभी लोगों को जिम्मेदारी से व्यवहार करते हुए शहर का माहौल शांत बनाए रखने में सहयोग देना चाहिए।उन्होंने बताया कि शोभायात्रा किस मार्ग से निकाली जाएगी, इस संबंध में प्रशासनिक आदेश अभी प्राप्त नहीं हुए हैं।

हालांकि, प्रशासन की ओर से जो भी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, पुलिस उनकी पूरी तरह अनुपालना सुनिश्चित करेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत शोभायात्रा के दौरान पुलिस की निगरानी रहेगी और ड्रोन के जरिए भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।गौरतलब है कि शुक्रवार को नाहन में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में 14 लोग घायल हुए थे, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

घटना के दौरान एक धार्मिक स्मारक को भी नुकसान पहुंचने की सूचना सामने आई थी। इस घटनाक्रम के बाद शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे में रविवार को होने वाली वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।