हिमाचल खाद्य आपूर्ति विभाग ने इस दिन तक बढ़ाई ई-केवाईसी करवाने की तिथि…..
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में राशन कार्ड धारकों को केवाईसी करवाना जरूरी है। ऐसा न करने पर राशन कार्ड बंद कर दिया जाएगा। हालांकि पहले 31 अगस्त तक केवाईसी करवाने की तिथि रखी गई थी, लेकिन अब इसको बढ़ाकर 30 सितंबर किया गया है।
इस अवधि तक कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों को अपनी केवाईसी करवाना जरूरी है। बता दें कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के राशन कार्डों में उनकी आधार संख्या पंजीकृत करने व ई-केवाईसी करवाने की तिथि को 30 सितंबर तक बढ़ाया गया है।
ई-केवाईसी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्मतिथि तथा लिंग की जानकारी आधार में दर्ज डेटा के अनुरूप हो। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाया है, वे अपनी नजदीकी उचित मूल्य की दुकान पर जाकर इस प्रक्रिया को 30 सितंबर से पहले पूरा करवा लें।
निर्धारित तिथि तक यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने पर राशन कार्ड अस्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा और आधार उपलब्ध करवाने के बाद ही इसे पुनः शुरू किया जाएगा। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक अरविंद शर्मा ने कहा कि ई-केवाईसी करवाने से वंचित रहे राशनकार्ड धारक अब 30 सितंबर तक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
बता दें कि 10 जुलाई से पूरे प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई जगह सड़कें, पानी, बिजली और इंटरनेट की सुविधा बाधित रही। इस कारण कई उपभोक्ता ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवा पाए हैं।