हिमाचल घूमने के बाद वापस लौट रहे पर्यटकों की कार दुर्घटनाग्रस्त, दो की दर्दनाक मौत
HNN/ सोलन
हिमाचल में पेश आए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान गाड़ी सड़क से लुढ़क कर खाई में गिर गई जिसके कारण 6 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे में दो व्यक्तियों को अपनी जान गंवानी पड़ी जबकि 4 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान (39) रवि सिंगला निवासी मकान नंबर 230 विकासनगर मंडी गोबिंदगढ़ पंजाब और (21) राधेश्याम निवासी खानपुर जिला समस्तीपुर बिहार के रूप में हुई है। इसके अलावा कुन्दन कुमार, रविन्द्र कुमार, बलराम व चन्दन कुमार घायल हुए है।
जानकारी अनुसार पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए 6 लोग इनोवा गाड़ी (PB23-AF6715) में सवार होकर शिमला घूमने के लिए आये थे। जब वह घूम कर वापिस लौट रहे थे तो पुलिस थाना परवाणू के अंतर्गत नेशनल हाईवे-5 पर कश्यप ढाबे के पास पहुँचते ही रवि सिंगला ने तीखे मोड़ पर गाड़ी से नियंत्रण खो दिया।
इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य चार बुरी तरह से घायल हुए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे की पुष्टि परवाणू थाना प्रभारी फूल चंद ने की है।