हिमाचल प्रदेश : गरीब परिवार की सभी महिलाएं पाएंगी 1500 रुपये की सम्मान राशि
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार की ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना’ के तहत गरीब परिवार की सभी महिलाएं 1500 रुपये की सम्मान राशि प्राप्त कर सकती हैं। इसके लिए परिवार की आय और सदस्यों की पेंशन की कोई शर्त नहीं है। यदि परिवार की महिलाएं सभी मापदंड पूरे करती हैं, तो वे सम्मान राशि के लिए पात्र होंगी।
इस योजना की वैरीफिकेशन ग्राम सभाओं और नगर परिषदों की बैठक में होगी। तहसील कल्याण अधिकारी के पास जमा किए गए आवेदनों को अब पंचायतों और नगर परिषदों को भेजा जा रहा है। संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालयों में सूची तैयार की जा रही है। जिन महिलाओं को पहले ही सम्मान राशि मिल चुकी है, उनकी भी वैरीफिकेशन होगी।
यदि कोई महिला सुविधा का गलत लाभ लेते हुए पाई जाती है, तो सरकार जारी हुई सम्मान निधि की रिकवरी करेगी। इससे पहले, सरकार ने ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना योजना’ के तहत 28249 महिलाओं के खाते में अप्रैल से जून महीने तक के 4500 रुपये डाले थे।