Loading...

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की चेतावनी : पेंशन नहीं दी तो आमरण अनशन

PARUL • 18 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर महीने की पहली तारीख को पेंशन का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो पेंशनर आमरण अनशन करेंगे। एसोसिएशन की शिमला शहरी इकाई की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में लगभग 300 पेंशनरों ने भाग लिया और समस्याओं पर चर्चा की।

एसोसिएशन के महासचिव सुभाष वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के रवैये से पेंशनरों में रोष है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से लंबित पेंशन संशोधन की राशि अब तक जारी नहीं की गई है, जबकि अगला वेतन आयोग 2026 में आना है। इस बीच कई बुजुर्ग पेंशनर दिवंगत हो चुके हैं लेकिन उनकी पेंशन संबंधी समस्या का निदान आज तक नहीं पाया गया है।

बैठक में महंगाई से त्रस्त पेंशनरों ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई भत्ते की तीन किस्तें अभी तक जारी नहीं की गई हैं। 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी पेंडिंग है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भुगतान भी पिछले एक साल से लंबित है। ज्यादातर वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। निर्णय लिया गया कि 20 सितंबर को प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर पेंशनर धरना-प्रदर्शन करेंगे।