हिमाचल प्रदेश में किसानों को बीजों पर अनुदान : सरकार 23.60 करोड़ रुपये खर्च करेगी
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध करवाने के लिए 23.60 करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला किया है। इस योजना में अनाज, दाल, तिलहन, चारा, आलू, अदरक और हल्दी के बीजों पर किसानों को अनुदान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि किसानों को अनाज, दालों, तिलहन और चारा फसलों के बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान और आलू, अदरक व हल्दी के बीजों पर 25 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
कृषि विभाग विभिन्न फसलों के आधार बीज का उत्पादन कर रहा है। खाद्य आपूर्ति निगम प्रदेश में पहली बार मक्की खरीद रहा है और किसानों को फसल का भुगतान ऑफलाइन करेगा। जिला कांगड़ा में मक्की की खरीद शुरू हो गई है और चंबा के किसान 18 नवंबर से फसल बेच सकते हैं।
कांगड़ा में 329 किसानों और चंबा में 320 किसानों ने फसल बेचने के लिए पंजीकरण करवाया है। निगम किसानों की ओर से 3,000 प्रति क्विंटल मक्की खरीद रहा है। प्रदेशभर में 24 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। किसानों को खाद की किल्लत पेश न आए, इसके लिए 2 करोड़ 77 लाख रुपये खर्च होंगे।