हिमाचल प्रदेश में गेस्ट टीचर भर्ती नीति के खिलाफ युवाओं का विरोध तेज
Himachalnow / शिमला
सांसद प्रियंका गांधी का घेराव करेंगे
हिमाचल प्रदेश में गेस्ट टीचर भर्ती नीति को लेकर बेरोजगार युवाओं का विरोध जारी है। शिमला में डीसी ऑफिस के बाहर शिक्षित बेरोजगार संघ ने प्रदर्शन किया और सरकार से इस नीति को वापस लेने की मांग की। युवाओं ने आरोप लगाया है कि यह नीति उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे वे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने गेस्ट टीचर पॉलिसी वापस नहीं ली, तो वे सांसद प्रियंका गांधी का घेराव करेंगे। उनका कहना है कि सरकार युवाओं का शोषण कर रही है, जिसके चलते वे सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस मामले पर कहा है कि गेस्ट टीचर भर्ती अस्थायी होगी और शिक्षकों को प्रति पीरियड के आधार पर भुगतान किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह कदम शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से उठाया गया है, क्योंकि शिक्षकों की कमी से प्रदेश का शिक्षा स्तर प्रभावित हो रहा है।
वहीं, विपक्षी दल भाजपा ने भी इस नीति का कड़ा विरोध करते हुए इसे शिक्षित युवाओं के साथ मजाक बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की है। गेस्ट टीचर भर्ती नीति को लेकर बढ़ते विरोध ने सरकार पर पुनर्विचार का दबाव बना दिया है। अब यह देखना होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या कदम उठाती है और युवाओं की मांगों को कैसे पूरा करती है।