Loading...

हिमाचल प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को लग सकता है झटका, बोर्ड का बिजली दरें बढ़ाने का प्रस्ताव

By Ankita Published: 16 Feb 2023, 2:15 PM | Updated: 16 Feb 2023, 2:16 PM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में अप्रैल 2023 से औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को महंगी बिजली का झटका लग सकता है। वर्ष 2023-24 के लिए बिजली की दरें निर्धारित करने का काम शुरू हो गया है। 300 यूनिट बिजली निशुल्क नहीं हुई तो घरेलू उपभोक्ताओं पर भी बढ़ी हुई दरों की मार पड़ सकती है। राज्य विद्युत नियामक आयोग बिजली दरों के प्रस्ताव पर 4 मार्च को जन सुनवाई करेगा। 20 फरवरी तक उपभोक्ताओं से नई दरों को लेकर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।

हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023-24 के लिए तय होने वाली बिजली की नई दरों का भविष्य सरकारी उपदान पर टिक गया है। सरकार और बिजली बोर्ड प्रबंधन के बीच उपदान राशि तय करने के लिए चर्चा शुरू हो गई है। वित्त महकमे से चर्चा के बाद विधानसभा के बजट सत्र में उपदान राशि घोषित होगी। इसके बाद विद्युत नियामक आयोग नई दरें तय करेगा। बोर्ड ने 90 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली महंगी करने का प्रस्ताव आयोग को भेजा है।

ऐसी स्थिति में अगर राज्य सरकार से उपदान कम मिलता है तो अप्रैल से बिजली महंगी हो सकती है। बता दें पूर्व भाजपा सरकार ने 125 यूनिट तक बिजली निशुल्क कर दी थी। इसके एवज में प्रतिमाह 66 करोड़ उपदान राशि अलग से दी गई। ऐसे में अगर 125 यूनिट निशुल्क बिजली की योजना जारी रखनी है तो करीब 800 करोड़ के उपदान की जरूरत है। अगर सरकार चाहती है कि 125 यूनिट से अधिक बिजली दर न बढ़ाई जाए तो करीब 1100 करोड़ के उपदान की बोर्ड को जरूरत होगी।

बोर्ड ने 928 करोड़ के घाटे का हवाला देकर आयोग के समक्ष याचिका दायर कर खर्चे पूरे करने के लिए वर्ष 2023-24 के लिए 7,129.99 करोड़ रुपये की जरूरत बताई है। 90 पैसे प्रति यूनिट दरें बढ़ाने का प्रस्ताव आयोग को दिया है। प्रतिमाह करीब 180 करोड़ रुपये वेतन और पेंशन के लिए बोर्ड को चाहिए होते हैं। बोर्ड करीब 25 लाख घरेलू और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को सप्लाई मुहैया करवा रहा है।