Loading...

खनेरी नर्सिंग हॉस्टल में टीबी को लेकर फैली अफवाहें गलत, केवल 2 छात्राएं पॉजिटिव

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

खनेरी स्थित नर्सिंग हॉस्टल में टीबी मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी भ्रामक है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल 2 छात्राएं ही टीबी पॉजिटिव पाई गई हैं और उनका उपचार जारी है।

रामपुर/शिमला

महात्मा गांधी मेमोरियल स्वास्थ्य सेवाएं संस्थान खनेरी, रामपुर के नर्सिंग हॉस्टल में टीबी मामलों को लेकर कुछ मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि हॉस्टल में केवल 2 छात्राएं टीबी पॉजिटिव पाई गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पहली छात्रा 09 जुलाई 2025 को टीबी पॉजिटिव पाई गई थी, जिसका उसी दिन उपचार शुरू कर दिया गया था। दूसरी छात्रा 09 दिसंबर 2025 को पॉजिटिव पाई गई और उसका भी तत्काल इलाज शुरू किया गया। इनमें से एक छात्रा पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुकी है, जबकि दूसरी छात्रा नियमित उपचार पर है।

16 छात्राएं दोनों संक्रमित छात्राओं के क्लोज कॉन्टैक्ट्स हैं और एक अन्य छात्रा बाहरी मरीज के संपर्क में आने के कारण टीपीटी ले रही है। यह भारत सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार टीबी से बचाव हेतु दिया जा रहा है। इनमें एमडीआर-टीबी का कोई भी मामला नहीं पाया गया है।

दोनों छात्राओं को निक्षय पोषण योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता दी गई है और निक्षय मित्र के सहयोग से पोषण किट भी उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है।

06 मार्च 2026 को नर्सिंग हॉस्टल में टीबी एक्टिव केस फाइंडिंग के लिए विशेष कैंप लगाया गया, जिसमें 80 छात्राओं की एक्स-रे और लक्षणों की जांच की गई। विभाग ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

Related Topics: