हिमाचल प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का फैसला दिसंबर तक हो सकता है
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा दिसंबर तक या इससे पहले भी हो सकती है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बने रहने या नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर फैसला होना है। डॉ. बिंदल के भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से अच्छे संबंध हैं।
प्रदेश भाजपा में एक खेमा डॉ. बिंदल को अध्यक्ष बनाए रखने के पक्ष में है, जबकि कुछ असंतुष्टों ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को नए नाम सुझाए हैं। राज्य में सदस्यता अभियान चल रहा है और संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का चयन पार्टी आलाकमान करता है। सुंदरनगर में 4 नवंबर को भाजपा की बैठक होगी, जिसमें केंद्रीय नेता भी शामिल हो सकते हैं। इसमें भाजपा के बूथ स्तर के चुनाव घोषित हो सकते हैं। इसके बाद मंडल, जिलों और प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक बदलाव होंगे।