हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से भूस्खलन, 71 सड़कें बंद
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में बीती रात से हो रही भारी वर्षा के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे परिवहन व्यवस्था चरमरा गई है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर ट्रांसफार्मरों के खराब होने से कुछ इलाकों में ब्लैक आउट है। मंडी जिला के विभिन्न उपमण्डलों में बीती रात से ब्लैकआउट है।
मौसम विभाग ने सात जिलों सिरमौर, कांगड़ा, चम्बा, सोलन, कुल्लू, शिमला और मंडी में बाढ़ की चेतावनी दी है। इन जिलों में शुक्रवार सुबह 5:30 बजे तक बाढ़ आने का खतरा जताते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार गुरुवार सुबह तक राज्य भर में एक नेशनल हाइवे और 71 सड़कें भूस्खलन से बंद रहीं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने ताज़ा पूर्वानुमान में आज मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ओरेंज अलर्ट जारी किया है, वहीं अगले 24 घण्टे यानी 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ येलो अलर्ट रहेगा। इसके साथ ही सात जिलों में बाढ़ की चेतावनी भी जारी की है।