HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के सभी भागों में आगामी छह दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के सभी भागों में 20 अक्तूबर तक मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान है। शिमला में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जो रविवार को 12.2 डिग्री सेल्सियस से घटकर सोमवार को 11.8 डिग्री सेल्सियस हो गई।
पोस्ट मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 95 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में बारिश नहीं हुई। जबकि कांगड़ा में सामान्य से 95 फीसदी, किन्नौर में 97 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 99 फीसदी, मंडी में 66 फीसदी और ऊना में 31 फीसदी कम बारिश हुई।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भिन्नता देखी गई। सुंदरनगर में 13.1 डिग्री, भुंतर में 11.1 डिग्री, कल्पा में 5.4 डिग्री, धर्मशाला में 14.6 डिग्री, ऊना में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान में इसी तरह की भिन्नता देखी गई।

