हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में एसएफआई इकाई का धरना प्रदर्शन
शिक्षा के केंद्रीयकरण और निजीकरण के खिलाफ उठाई आवाज
HNN/ शिमला
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी इकाई ने आज विश्वविद्यालय के पिंक पैटल में धरना प्रदर्शन किया। इस धरने में एसएफआई ने शिक्षा के केंद्रीयकरण, निजीकरण, विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति और छात्र संघ चुनाव बहाली के लिए अपनी मांगों को उठाया।
एसएफआई इकाई अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा के क्षेत्र में नवउदारवादी नीतियों को लागू कर रही है, जिससे सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि एसएफआई प्रदेश में आम छात्रों को लामबंद करते हुए उग्र आंदोलन करेगी अगर प्रदेश व केंद्र सरकारें इन मुद्दों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती हैं।
इस धरने में एसएफआई ने शिक्षा के क्षेत्र में नवउदारवादी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज उठाई और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।