हिमाचल प्रदेश : रैहन में नया पुलिस थाना खुला
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने बुधवार को पुलिस थाना रैहन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नूरपुर जिला पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। पठानिया ने कहा कि रैहन में पुलिस थाना खुलने से क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस थाना खुलने से क्षेत्र के लोगों को नूरपुर के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा और उन्हें थाना स्तर की सभी सुविधाएं अब यहीं पर उपलब्ध होंगी। पठानिया ने क्षेत्र में पनपते अपराध के लिए लोगों से पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।
इस मौके पर एसपी नूरपुर अशोक रत्न, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी वर्मा, एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस चौकी रैहन को पुलिस थाना में स्तरोन्नत करने की आधिकारिक अधिसूचना मौजूदा सरकार और स्थानीय विधायक पठानिया के प्रयासों से जारी की गई थी।