हिमाचल में अध्यापिका ने 7 वर्षीय मासूम को बेरहमी से पीटा, माफी मांग कर छुड़ाई जान…
HNN/ ऊना
हिमाचल के ऊना जिला में एक अध्यापिका ने 7 वर्षीय मासूम की बेरहमी से पिटाई कर डाली। परिजनों ने जब बच्चे के शरीर पर पिटाई के निशान देखे तो वह तुरंत स्कूल पहुंचे। इस दौरान अध्यापिका ने भी माफी मांगते हुए अपनी जान छुड़ाई और भविष्य में ऐसा न करने का भरोसा भी जताया। मामला हरोली उपमंडल के तहत एक प्राइमरी स्कूल का है।
यहां 7 वर्षीय मासूम बच्चा जो कि दूसरी कक्षा में पढ़ाई कर रहा है उसकी अध्यापिका ने बड़ी ही बेरहमी से पिटाई कर दी। स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा शिक्षकों की कमी के चलते करीब 4 महीने पहले ही बच्चों की शिक्षा को सुचारू रखने के लिए इस अध्यापिका को स्कूल में तैनात किया था। वही जब बच्चा घर पहुंचा तो परिजनों ने उसके शरीर पर छड़ी के निशान देखे और वह तुरंत स्कूल पहुंचे।
इतना ही नही स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और सदस्य भी मौके पर आ गए। दोनों पक्षों में काफी देर तक चली बातचीत के बाद ग्रामीणों के हस्तक्षेप से समझौता हो गया। हालांकि अभी तक यह बात स्पष्ट नहीं हो पाई है कि अध्यापिका ने इतनी बेरहमी से मासूम की पिटाई क्यों की।