हिमाचल में अभी भी 100 से अधिक सड़कें बंद, पेयजल योजनाओं सहित बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद अभी तक जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौट पाया है। प्रदेश में अभी भी 100 से अधिक सड़कों पर वाहनों के पहिए थमे हुए हैं तथा कई पेयजल योजनाओं सहित बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हुए हैं। बता दें कि रविवार शाम तक प्रदेश में 178 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। पानी की 8 योजनाएं और 5 बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद रहे।
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 17 जनवरी तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी व सोलन के कुछ क्षेत्रों में 16 और 17 जनवरी को सुबह व शाम के समय धुंध छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। 18 और 19 जनवरी को कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है।