हिमाचल में कीवी की खेती को मिली नई उम्मीद
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में कीवी की खेती की संभावनाएं बढ़ गई हैं। डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के शोधकर्ताओं ने सिक्किम के लाचेन क्षेत्र में कीवी की एक नई प्रजाति खोजी है, जो 2,800 मीटर की ऊंचाई पर उगाई जा सकती है। इससे हिमाचल समेत देश के ठंडे क्षेत्रों में कीवी की पैदावार की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
इस नई प्रजाति की खोज से कीवी की खेती का विस्तार 2,800 मीटर तक की ऊंचाई तक हो सकता है। विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक डॉ. संजीव चौहान ने बताया कि इसका उपयोग ठंड प्रतिरोधी व्यावसायिक किस्मों को विकसित करने के लिए आनुवंशिक स्रोत के रूप में किया जा सकता है। कीवी उच्च फाइबर युक्त है और इसमें नर और मादा लताएं अलग-अलग होती हैं।
विश्वविद्यालय के पीएचडी शोधार्थी अभिलाष प्रधान ने पूर्वोत्तर भारत में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले जंगली कीवी फल को ढूंढा है। शोधकर्ताओं ने कीवी के जर्मप्लाज्म को संरक्षित करके इस पर शोध शुरू कर दिया है। अगर शोध सफल होता है तो देश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों में कीवी सेब की तरह लोगों की आर्थिकी मजबूत बनाएगी।