HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट सब कमेटी की बैठक कल यानि सोमवार को की जाएगी। बता दें यह बैठक राज्य सचिवालय में आयोजित होगी। बैठक में एक लाख रोजगार देने को लेकर फैसला किया जाएगा। इससे पूर्व कैबिनेट सब कमेटी ने सभी विभागों से स्वीकृत पदों, रिक्त पदों और नए भरे जाने वाले पदों की जानकारी एकत्र करने को कहा था।
संभावित है कि सोमवार की बैठक में कार्मिक विभाग की ओर से सभी विभागों के संबंध में जानकारी से कैबिनेट सब कमेटी को अवगत कराया जाएगा। बता दें उद्योग मंत्री मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान की अध्यक्षता में मंत्री जगत सिंह नेगी और रोहित ठाकुर रोजगार के अवसर तैयार करने के लिए मंथन करेंगे।
प्रदेश की सत्ता पर काबिज होते ही मुख्यमंत्री सुक्खू ने पहली ही कैबिनेट बैठक में रोजगार की संभावनाएं तलाशने के लिए कैबिनेट सब कमेटी का गठन किया था। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी है। यह रोजगार सरकारी और निजी क्षेत्र में देने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने पहले बजट में 25,000 सरकारी पदों को भरने का ऐलान किया है। इन पदों को भरने की तैयारियों को लेकर भी बैठक में मंथन होगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सरकारी क्षेत्र में एक लाख से अधिक राेजगार के अवसर नहीं हैं। ऐसे में सरकार अपने कार्यकाल के पांच वर्षों में सरकारी क्षेत्र में एक लाख रोजगार दे सकती है।

