Loading...

हिमाचल में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन नहीं, स्वास्थ्य विभाग कर रहा मॉकड्रिल

Ankita • 12 Apr 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। तो वहीं कोरोना से बचाव के लिए प्रदेश सरकार के पास वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। बता दें स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर जगह मॉकड्रिल की जा रही है।

कोरोना के मामले बढ़ने के साथ लोगों की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता और भी बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिलों के अस्पतालों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को रोटेशन में ड्यूटियां देने के लिए कहा है।

बता दें प्रदेश में करीब 30 लाख लोगों को बूस्टर डोज लगाई जानी है। स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र को इस बारे अवगत कराया है लेकिन वैक्सीन की सप्लाई नहीं मिली है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश की जनसंख्या 68,64,602 है।

इनमें से 49 फीसदी लोगों को बूस्टर डोज लगाई जानी है। प्रदेश में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा करीब दो हजार पहुंच गया है। एक सप्ताह के भीतर प्रदेश में सात लोगों की मौत हो चुकी है।

वार्डों में एंटीबायोटिक, बुखार, मास्क, सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था करने को कहा गया है। विभाग का दावा है कि जिलों में कोरोना से निपटने की प्रर्याप्त व्यवस्था की गई है।

लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. गोपाल बैरी ने बताया कि कोरोना से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन का इंतजार है।