Loading...

हिमाचल में जल क्रीड़ा गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री सुक्खू

PARUL • 28 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार जल क्रीड़ा गतिविधियों को विकसित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गोविंद सागर झील में क्रूज चलाने का ट्रायल शुरू हो गया है और जल्द ही पर्यटकों के लिए उपलब्ध होगा। इसके अलावा, जिला ऊना में जल क्रीड़ा गतिविधियों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहल की गई हैं और इस वर्ष दो करोड़ पर्यटकों के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश में पर्यटकों के यात्रा अनुभव को अविस्मरणीय बनाने के लिए पर्यटन अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि जल क्रीड़ा गतिविधियों को शुरू करने का उद्देश्य कांगड़ा जिला में पर्यटकों की आमद में बढोतरी करना है।