हिमाचल में जीरो एनरोलमेंट वाले 285 स्कूल डिनोटिफाई, सीएम सुक्खू ने किया ऐलान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने 285 सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया है। ऐसा इसलिए किया है क्योंकि इन स्कूलों में एक भी विद्यार्थी ने दाखिला नहीं लिया है। राज्य सरकार ने शून्य नामांकन वाले सरकारी स्कूलों को डिनोटिफाई कर दिया है। इनमें 57 मिडल व 228 प्राइमरी स्कूल शामिल हैं।
शिमला जिला में 28 मिडल स्कूल और 56 प्राइमरी स्कूल बंद किए गए हैं। शिक्षा विभाग के सचिव अभिषेक जैन ने शुक्रवार देर शाम इन स्कूलों को डिनोटिफाई करने की अधिसूचना जारी की। शिक्षा विभाग की रिपोर्ट में इन स्कूलों में शून्य नामांकन पाए जाने पर राज्य सरकार ने इन्हें बंद करने का फैसला लिया है।
पिछले दिनों हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में इन स्कूलों को बंद करने पर मुहर लगी थी। शिक्षा विभाग के नए मापदंड के अनुसार प्राइमरी स्कूल में कम से कम 10 बच्चे होना अनिवार्य है। इसके अलावा मिडल स्कूल को क्रियाशील रखने के लिए कम से कम 15 छात्र और हाई स्कूल के लिए ये संख्या 20 रखी गई है।
जबकि सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कम से कम 25 छात्र होना जरूरी है।14 मार्च से शुरू हुए विधानसभा के बजट सत्र के पहले तीन दिनों तक भाजपा विधायकों ने सदन के अंदर और बाहर प्रदेश भर में संस्थानों को बंद करने के लिए फैसले का विरोध किया है।
