शिमला
24 से 29 मई तक कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना, तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ी चिंता
हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। जहां एक ओर बारिश से ठंडक महसूस हो रही है, वहीं दूसरी ओर बारिश न होने वाले क्षेत्रों में तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि केलांग में न्यूनतम तापमान महज 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
एक हफ्ते तक बदला रहेगा मौसम का रुख
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आगामी 29 मई तक राज्य में मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर मेघ गर्जना, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 24 मई को कुछ जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का खतरा है।
कई जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जैसे जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोतरी
राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में रात को उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। 24, 27 और 29 मई को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।
कब-कहां कैसा रहेगा मौसम
- 23, 25 और 26 मई: मध्य पर्वतीय और निचले मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश
- 24, 27 से 29 मई: कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश
- 23 से 27 मई: आंधी और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
- 24 मई: चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला सहित सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट और ओलावृष्टि की चेतावनी

