Landslide / नाहन के पास पहाड़ी दरकने से मार्ग बंद , छह दिन बारिश के आसार
Landslide / सिरमौर जिले के कौलांवालाभूड़-बर्मा पापड़ी मार्ग पर गुलरिया में पहाड़ी दरकने से सड़क मलबे की चपेट में आ गई और दोनों ओर यातायात बंद हो गया। उधर, चूड़धार में सीजन की पहली हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 14 अक्तूबर तक हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। पुरुवाला क्षेत्र की करीब 17 से 18 पंचायतों में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
नाहन
गुरुवार शाम साफ मौसम के बीच गुलरिया में अचानक हुए भूस्खलन से कौलांवालाभूड़-बर्मा पापड़ी मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मलबा सड़क पर आने के कारण कौलांवालाभूड़ की ओर से नाहन, कालाअंब और अन्य स्थानों को जाने वाले लोग तथा वाहन एक तरफ फंस गए, जबकि बर्मा पापड़ी की ओर से आने वाले लोगों को दूसरी तरफ रुकना पड़ा। सड़क बंद होने के बाद मौके पर वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिना बारिश के इस सीजन में हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा भूस्खलन है।
चूड़धार में सीजन की पहली बर्फबारी
सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में बुधवार देर शाम सीजन की पहली हल्की बर्फबारी हुई। चूड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर और आसपास की पहाड़ियों पर बर्फ के फाहे गिरने से ठंड बढ़ गई। सुबह मंदिर की छत, सीढ़ियों और आसपास के हिस्सों पर बर्फ की हल्की परत दिखाई दी। चूड़धार इंचार्ज एवं चूड़ेश्वर सेवा समिति के पदाधिकारी बाबू राम ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए गर्म कपड़े और जरूरी सामान साथ लाने की अपील की है।
14 अक्तूबर तक बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 8 से 14 अक्तूबर तक प्रदेश के मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। 8 अक्तूबर को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया। 9 अक्तूबर को मैदानी और निचले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश तथा ऊंचे इलाकों में बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 10 से 14 अक्तूबर तक भी बारिश जारी रहने का अनुमान है।