Loading...

हिमाचल में दुकानें-रेस्तरां 31 जुलाई तक रात को इतने बजे तक रख सकेंगे खुले…..

Ankita • 26 May 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही राज्य में दुकानों-रेस्तरां सहित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रात 11 बजे तक खुला रखने का फैसला लिया है। श्रम एवं रोजगार विभाग के सचिव द्वारा इस बाबत आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

अभी तक दुकानों व रेस्तरां को खोले रखने का समय रात नौ बजे तय था। नोटिफिकेशन के अनुसार, प्रदेश के व्यापारी अब सुबह 9 बजे से लेकर रात 11 बजे तक दुकानें खुली रख सकेंगे।

बता दें कसौली, डलहौजी, मनाली, धर्मशाला, शिमला, नारकंडा, मैक्लोडगंज जैसे पर्यटन स्थलों के व्यापारियों को सरकार के इस निर्णय से फायदा होगा, क्योंकि इन जगह पर गर्मियों में बढ़ी संख्या में टूरिस्ट पहुंचते हैं।

इससे पहले रात नौ बजे तक दुकानें खुली रखने की शर्त के कारण कई बार पर्यटकों को डिनर नहीं मिल पाता। पर्यटन सीजन को देखते हुए यह छूट 31 जुलाई तक दी गई है। इससे प्रदेशभर के व्यापारियों को फायदा होगा और प्रदेश की पर्यटन सैरगाहों पर आने वाले पर्यटकों को भी भूखे पेट नहीं सोना पड़ेगा।