Loading...

हिमाचल में दो अज्ञात लोगों ने की विश्व हिंदू परिषद नेता की हत्या

PARUL • 14 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना के नंगल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रेलवे रोड पर दो अज्ञात लोगों ने विश्व हिंदू परिषद के मंडल अध्यक्ष विकास प्रभाकर की हत्या कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस की तरफ से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, विकास प्रभाकर बीती शाम अपनी दुकान पर बैठे थे। इस दौरान दो अज्ञात लोगों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जब पड़ोस की दुकान का एक कर्मचारी उनकी दुकान पर सामान लेने गया तो उसने विकास को जख्मी हालत में देखा।

जिसके बाद उक्त व्यक्ति ने अपने मालिक को जाकर बताया तो दुकानदार मनीष ने अन्य दुकानदारों के साथ मिलकर विकास को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल नंगल पंहुचाया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद वारदात की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही डीएसपी अजय सिंह, थाना प्रभारी इंसपेक्टर रजनीश चौधरी भी मौके पर पंहुचे। उन्होंने बताया कि पुलिस की तरफ से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया गया है और सीसीटीवी फुटेज में भी दो एक्टिवा सवार पर संदेह जताया जा रहा है।