Loading...

हिमाचल में पंचायतीराज चुनाव का बिगुल जल्द: नवंबर में लगेगी आचार संहिता, दिसंबर में मतदान की संभावना

Shailesh Saini 1 Oct 2025 Edited 1 Oct Quick read

मतदाता सूची फाइनल करने की प्रक्रिया शुरू, 2 अक्तूबर को पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं की बैठकें

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की तैयारी तेज़ हो गई है। राज्य चुनाव आयोग जल्द ही मतदाता सूची को फाइनल करने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। माना जा रहा है कि अक्तूबर महीने में मतदाता सूचियां फाइनल होते ही, आयोग चुनाव का शेड्यूल जारी कर देगा।

चूंकि चुनाव से ठीक एक महीने पहले आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होती है, ऐसे में नवंबर महीने में आचार संहिता लागू होने और दिसंबर महीने में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव करवाए जाने की प्रबल संभावना है।

हालाँकि, अंतिम शेड्यूल मौसम के रुख को देखकर तय किया जाएगा।मतदाता सूची पर एक महीने का चलेगा अभियानमतदाता सूची की कार्यरूप प्रति को ग्राम सभाओं की मंजूरी मिल चुकी है।

ग्राम सभाओं की बैठक में उन मतदाताओं के नाम हटाने को कहा गया है जो अब संबंधित पंचायत में नहीं हैं।सूत्रों के अनुसार, मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रारूप लगभग तैयार है, जिसे अब आपत्तियों और सुझावों के लिए सार्वजनिक किया जाएगा। मतदाता सूची को फाइनल करने के लिए लगभग एक महीने का समय लगेगा।

ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद इस पर आपत्तियां व सुझाव लेने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। इसके बाद अपीलों का दौर चलेगा और विभिन्न स्तरों पर उनका निपटारा किया जाएगा।

राज्य चुनाव आयोग ने सभी जिलाधीशों को निर्देश दिए हैं कि वे मतदाता सूची के प्रारूप के साथ पूरी तरह से तैयार रहें ताकि एडिशन व डिलीशन का काम समय पर पूरा हो सके।

चुनाव होंगे तीन चरणों में

पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। इन चरणों में ज्यादा समय का अंतर नहीं होगा, बल्कि मात्र दो से चार दिनों के अंतर में तीनों चरणों को पूरा कर दिया जाएगा।

ऐसा इसलिए किया जाएगा क्योंकि जो कर्मचारी पहले चरण का मतदान निपटाएंगे, वही दूसरे व तीसरे चरणों में भी अपनी ड्यूटी देंगे।इस बीच, राज्य चुनाव आयोग ने बैलेट पेपर तैयार करवा लिए हैं और चुनाव सामग्री सभी जिलों को भेजी जा चुकी है।

बताया गया है कि 2 अक्तूबर को पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जहाँ चुनाव को लेकर अनौपचारिक चर्चा हो सकती है।