हिमाचल में फिर करवट लेगा मौसम, 4 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में कल से एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है जिसके चलते विभिन्न इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। प्रदेश भर में 4 दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इस दौरान पहाड़ों पर जहां भारी बर्फबारी के आसार है तो वही अन्य इलाकों में बारिश की संभावना है।
इसके अलावा मैदानी और मध्य पहाड़ी कुछ स्थानों पर अंधड़ और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 10 व 12 मार्च की रात से लगातार दो ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के कई भागों में चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
10 मार्च को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है। 11 से लेकर 14 मार्च तक ऊंचाई वाले कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं, निचले व मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ व बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।