Loading...

हिमाचल में फिर घटाया एपीएल परिवारों का राशन, चार किलो आटा व तीन किलो चावल मिलेंगे कम

Ankita • 28 Mar 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल सरकार ने एपीएल के 11.5 लाख परिवारों को झटका दिया है। सरकार ने चुपचाप एपीएल परिवार के राशन में कोटे में कटौती की है। बता दें अप्रैल माह से एपीएल परिवारों को चार किलो आटा और तीन किलो चावल कम मिलेंगे। ऐसे समय जब लोग सरकार से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं, तब इन परिवारों के राशन पर कट लगाया गया है।

डिपुओं में राशन में कटौती होने से इन परिवारों पर भारी असर पड़ेगा। इसके चलते लोगों को अब बाजार से अतिरिक्त राशन मंहगे रेट पर लेना पड़ेगा। बता दें अब एपीएल के 11.5 लाख परिवारों को 11 किलो आटा और पांच किलो चावल ही दिए जाएंगे। जबकि मार्च में एपीएल परिवारों को 15 किलो आटा और आठ किलो चावल दिए गए थे।

पहली बार सरकार ने सीधे चार किलो आटा और तीन किलो चावल कम किए हैं। सरकारी राशन के डिपो में उन्हें 9.30 रुपये प्रतिकिलो आटा और 10 रुपये प्रति किलो के हिसाब से चावल दिए जा रहे हैं। हालांकि बीते तीन माह से प्रदेश सरकार ने लगातार राशन में बढ़ोतरी की थी। मगर अब अप्रैल में अब तक जितनी भी बढ़ोतरी की गई थी, उसमें सबसे अधिक कटौती कर दी है।