Loading...

हिमाचल में बनीं 14 दवाओं के सैंपल फेल, सीडीएससीओ ने जारी किया ड्रग अलर्ट

By Ankita Published: 21 Jul 2023, 10:40 AM | Updated: 21 Jul 2023, 10:40 AM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में बनी 14 दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। केन्द्रीय दवा मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने इस माह का ड्रग अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में इस वर्ष जनवरी से लेकर जुलाई तक 107 दवाओं के सैंपल फेल हो चुके हैं। बता दें कि देशभर में बनी कुल 48 दवाएं गुणवत्ता के मानकों पर खरी नहीं उतरी हैं जिसमें 14 दवाएं प्रदेश में बनी हैं।

प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में बनी 7, संसारपुर टैरस व ऊना की 2-2 तथा पावंटा साहिब, कालाअम्ब व परवाणू की एक-एक दवा के सैंपल फेल हुए हैं। बता दें एनजाइना की दव, खून के थक्के रोग, संक्रमण रोकने, बाल झड़ने, एनिमिया, अस्थमा, त्वचा संक्रमण, उच्च रक्तचाप, आंख की रोशनी और एलर्जी की दवा के अलावा एसिड के सैंपल फेल हो गए हैं। ड्रग कंट्रोलर नवनीत मरवाह ने बताया कि सैंपल फेल होने वाले उद्योगों को नोटिस जारी कर दिए हैं।

इन दवाओं के सैंपल हुए फेल
सीडीएससीओ से मिली जानकारी के अनुसार सैलूस फार्मास्युटिक्ल बद्दी की एस्पिरिन क्लोपिडोग्रेल कैप्सूल का बैच नम्बर एसपीसी 221847, सीएमजी बॉयोटेक संसारपुर टैरस की नीकुमालोन टैबलेट का बैच नम्बर सीटी 22231818, एलवस हैल्थकेयर नालागढ़ की दवा इरिथ्रोमाइसिन टैबलेट 250 एमजी का बैच नम्बर एटी 22356, ग्नोसिसि फार्मा ऊना की दवा केराबूस्ट विटामिन का बैच नम्बर जीटी 200998, स्टैनफॉर्ड लैब ऊना की न्यूहैंज का बैच नम्बर डी 222427 व डी 222376, सीएमजी बॉयोटैक संसारपुर टैरस की मनोकास्ट 5 का बैच नम्बर सीटी 22230271ए, ओक्सालिस लैब बद्दी की फ्लेटरोल का बैच नम्बर एनएसबी 2206ए, सार बॉयोटैक बद्दी की मुपिरोसिन ऑइंटमेंट का बैच नम्बर 002, डीएम फार्मा बद्दी की दवा टेल्मिसर्टन का बैच का डीटी 0862बी, जी लैबोरट्रीज पावंटा साहिब की दवा एसीटाजोलैमाइड का बैच नम्बर 423-27, विग्स बॉयोटैक एलएलपी बद्दी की दवा ऑनरेक्स कफ सिरप का बैच नम्बर ओएनसीएस 1713, फाइटोकेम हैल्थकेयर की दवा पैंटोप्राजोल का बैच नम्बर पीएचसी-21252 व हनुकैम लैबोरेट्रेजी परवाणू की दवा टेल्मीसार्टन टैबलेट 40एमजी का बैच नम्बर एचसीएल 2317 शामिल हैं।

Tags: