हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से 654 सड़कें बंद, 1,655 बिजली ट्रांसफार्मर ठप
बर्फ के बीच विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचना हुआ मुश्किल
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बर्फ़बारी से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बर्फबारी से जहां सड़के अवरुद्ध हो गई हैं, वहीं कई जगह बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कुल्लू, चंबा, लाहौल, किन्नौर, शिमला, सिरमौर, मंडी के बर्फबारी वाले इलाकों में विद्यार्थियों के लिए बोर्ड परीक्षाएं देना चुनौती बन गया है। जानकारी के मुताबिक, आज सोमवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में चार नेशनल हाईवे सहित 654 सड़कें यातायात के लिए बाधित थीं।
लाहौल-स्पीति जिले में सबसे अधिक 290 और शिमला में 166 सड़कें बाधित हैं। वहीं, राज्य में 1,655 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। 145 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। हांलाकि, पटरी से उतरी सेवाओं को सुचारू करवाने के लिए विभागीय टीमें युद्ध स्तर पर डटी हुई हैं।