हिमाचल में बारिश-बर्फ़बारी का दौर शुरू, सिरमौर की 14 पंचायतों के सैकड़ों गांव में बिजली आपूर्ति ठप
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की ऊँची चोटियों में बर्फ़बारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। बर्फ़बारी से सड़कों पर बर्फ की परत बिछ जाने से वाहनों के स्किड होने का अंदेशा बढ़ गया है। वहीं बारिश व बर्फबारी के कारण तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। बर्फबारी के साथ ही प्रदेश में ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 25 मार्च तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। कई स्थानों पर अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। आज भी राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में मौसम खराब बना हुआ है। सिरमौर जिले के बारिश-बर्फबारी से हरिपुरधार क्षेत्र की 14 पंचायतों के सैकड़ों गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
ओलावृष्टि से किसानो की फसलों को भी भारी नुक्सान हुआ है। उधर, किन्नौर व ऊपरी शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी रुक-रुक कर बारिश व बर्फबारी जारी है। पूरा क्षेत्र फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर व चौपाल के खिड़की में में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।
जलोड़ी दर्रा में ताजा बर्फबारी से औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 यातायात के लिए बंद हो गया है। दर्रा में आधा फीट बर्फ गिरी है। इससे निगम की तीन बसें फंस गई हैं। इनमें एक निजी बस भी शामिल है। हाईवे के बंद होने से लोगों को अब आठ किलोमीटर पैदल सफर या फिर वाया करसोग व शिमला होकर सफर करना होगा। वहीं, हिमस्खलन से पांगी का संपर्क भी लाहौल व कुल्लू से कटा हुआ है।
बर्फबारी को दखते हुए प्रशासन ने वाहनों में सफर करने वाले सैलानियों के साथ आम लोगों को एहतियात बरतने की अपील की है। प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करके अनावश्यक सफर न करने की हिदायत दी है।