हिमाचल में बिना साक्षात्कार शैक्षणिक योग्यता के आधार पर हज़ारो अस्थायी शिक्षकों की होगी भर्ती
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में बिना साक्षात्कार लिए सिर्फ शैक्षणिक योग्यता के आधार पर हजारों अस्थायी शिक्षकों की भर्ती होगी। जनजातीय और दूरदराज क्षेत्रों के स्कूलों में दो या तीन साल के लिए यह नियुक्तियां होंगी। राज्य सचिवालय में उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में इसके लिए नीति बनी।
नीति के तहत राज्य कैडर की शिक्षा निदेशक और जिला की भर्तियां उपनिदेशक करेंगे। नियमित भर्तियों की तरह ही इनमें आरक्षण रोस्टर और भर्ती एवं पदोन्नति नियम लागू होंगे। 27 अप्रैल को बैठक दोबारा से होगी। इसमें नीति को अंतिम रूप देकर कैबिनेट की मंजूरी के लिए जाएगा। बैठक में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी मौजूद रहे।
भर्ती का फार्मूला तैयार होने के बाद जेबीटी, टीजीटी, सीएंडवी और प्रवक्ताओं की भर्तियां होंगी। जेबीटी, टीजीटी, सीएंडवी की भर्ती जिला स्तर पर होगी। अस्थायी तौर पर भर्ती होने वाले इन शिक्षकों के वेतन को लेकर फैसला कैबिनेट बैठक में होगा। कैबिनेट सब कमेटी प्रस्ताव वित्त विभाग की मंजूरी के लिए भेजेगा। वित्त विभाग की मंजूरी के बाद प्रस्ताव कैबिनेट जाएगा