Loading...

हिमाचल में भारी बारिश का कहर: नदी-खड्ड उफान पर, जगह-जगह हो रहा नुकसान

Ankita • 11 Aug 2024 • 1 Min Read

मारकंडा नदी में समाया हनुमान मंदिर, जलमग्न हुआ एसडीएम कार्यालय जयसिंहपुर

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में शनिवार रात से हो रही बारिश ने खूब कहर मचाया है। बारिश के चलते जहां सड़कों पर जगह-जगह मलबा और पत्थर आए हैं, वहीं नदियां और और खड्ड भी उफान पर हैं। वहीं जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन से कुछ दूरी पर मारकंडा नदी उफान पर है। पानी के तेज बहाव में हाल ही में निर्मित हनुमान मंदिर भी समा गया। कई किसानों की जमीनें बह गई, जिसमें धान की फसल उगाई गई थी। इससे काफी नुकसान हुआ है।

वहीं सलानी पुल को भी खतरा बना हुआ है। पानी बिल्कुल पुल के पास से बह रहा है। किन्नौर के खाब में बादल फटने से बस्पा नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। मूसलाधार बारिश की वजह से चुराह उपमंडल चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत भराड़ा में देर रात भाग सिंह पुत्र सरबन, गांव कोल्ला ग्राम पंचायत भराड़ा का लकड़ी-मिट्टी का मकान गिर गया है।

घर के सदस्य दूसरे कमरे में होने के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं, दूसरी ओर सिहुंता-लाहडू मार्ग पर पीनियाले वाली माता मंदिर के समीप भूस्खलन से गिरने वाले पत्थरों के कारण गाड़ी को नुकसान पहुंचा है। गनीमत ये रही कि गाड़ी में कोई नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

वहीं जिला कांगड़ा में एसडीएम कार्यालय जयसिंहपुर का परिसर पूरी तरह से बारिश के पानी के कारण तालाब बना हुआ है। ब्लॉक नगरोटा सूरियां की पंचायत कटोरा के गांव भूरलाहड़ निवासी बलवीर का कच्चा मकान भारी बारिश के कारण ढह गया। इस दौरान राशन सहित घर के अंदर सामान भी मकान के मलबे में दब गया।