हिमाचल में भीषण अग्निकांड, 10 मकान जलकर राख, एक मंदिर भी जला
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की सैंज घाटी की बनोगी पंचायत के पटहिला गांव में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस भीषण अग्निकांड में 10 मकान जलकर राख हो गए हैं। वहीं देवता पझारी का मंदिर भी जल गया है। जबकि देवता के रथ को बचा लिया गया है। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:00 बजे आग लगने से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते 10 मकान धू-धू कर जल गए। इस घटना से 15 परिवार नीली छतरी के नीचे आ गए हैं। देवता पझारी का मंदिर भी आग की भेंट चढ़ गया।
आग लगने की सूचना के बाद तहसीलदार सैंज हीरा लाल नलवा मौके के लिए रवाना हुए। वहीं, स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी भी गांव पहुंचे और प्रभावितों से मिले। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को 25000-25000 रुपए फौरी राहत के रूप में दिए हैं और एक-एक टेंट और तिरपाल देने की घोषणा भी की हैl