Loading...

हिमाचल में मानसून की दस्तक: बारिश ने मचाई भारी तबाही, मलबे में दबे वाहन

Ankita • 28 Jun 2024 • 1 Min Read

प्रदेश में आज से भारी बारिश का येलो अलर्ट, सतर्क रहें लोग

HNN/ शिमला

मानसून की दस्तक के साथ ही पहली बारिश ने हिमाचल में भारी तबाही मचाई है। बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के बीच मल्याणा में पहाड़ी से गिरे पत्थर और मलबे की चपेट में आने से 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जबकि दूसरी घटना शिमला के चमियाना की है, जहां सड़क किनारे पार्क तीन गाड़ियां मलबे की चपेट में आने से दब गई।

हालांकि, इन घटनाओं से किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। मानसून की पहली ही बारिश से शिमला में जगह-जगह भूस्खलन, मलबा आने से भारी नुकसान हुआ है। शहर के मल्याणा, चमियाना, भट्ठाकुफर, मिनी कुफ्टाधार सहित अन्य स्थानों पर बारिश से नुकसान की सूचना है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने प्रवेश कर दिया है। इसके साथ मौसम विभाग ने सूबे में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। 28 जून को भारी वर्षा के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान लोगों को एहतियात बरतने खासकर घरों से बाहर निकलने पर सावधान रहने की हिदायत दी गई है।

29 जून से पहली जुलाई तक भी भारी वर्षा का अंदेशा जताया गया है। दो व तीन जून को कहीं-कहीं बिजली चमकने व तूफान चलने की आशंका है। विभाग ने भारी बारिश के मद्देनजर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने की भी आशंका जताई और गंतव्य के लिए रवाना होने से पहले लोगों से अपनी मार्ग का पता करने की अपील की है।

मौसम विभाग ने उन इलाकों में जाने से बचने का आहवान किया है, जहां अकसर बरसात में जलभराव की दिक्कत आती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश के कई भागों में आज से लगातार सात दिनों तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही अंधड़ चलने का अलर्ट है।