हिमाचल में मानसून की विदाई, विकास कार्यों में गति आएगी
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई के साथ विकास कार्यों में गति आएगी। लोक निर्माण विभाग ने शहरों में सड़कों की टारिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा है, जिन शहरों में यह काम नहीं हुआ है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में रात को भी टारिंग की जाएगी।
बरसात के कारण जिन सड़कों के किनारे डंगे ढह गए थे, उनका काम भी निर्धारित समय में निपटाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने मानसून के चलते फील्ड में भेजे कर्मचारियों को वापस अपने-अपने कार्यालय बुला लिया है। निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों की टारिंग, भवनों व पार्किंग के निर्माण के दौरान इंजीनियर का मौके पर होना अनिवार्य है।
जलशक्ति विभाग ने भी पानी के स्रोतों को सुधारने के निर्देश जारी किए हैं। मानसून के चलते जिन स्रोतों को नुकसान हुआ है, उन्हें दुरुस्त करने को कहा है। प्रदेश में 4 अक्तूबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है, इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की संभावना है।