हिमाचल में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामले, अब इस जिला में हुई पहली मौत….

Woman-in-the-grip-of-debris.jpg

HNN/सोलन

हिमाचल प्रदेश में लगातार डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं अब जिला सोलन में भी डेंगू से पहली मौत हो गई है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय इंद्रजीत सिंह निवासी ऊपरी निहली डांग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इंद्रजीत सिंह का डेंगू के बाद बद्दी के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।

उपचार के दौरान उनके प्लेटलेट्स भी 25,000 तक पहुंच गए थे और एक-दो दिन से प्लेटलेट्स भी रिकवर होने लगे। उनकी रिकवरी को देखकर अस्पताल प्रबंधकों ने उसे घर भेज दिया। इसी दौरान बीती रात उनके सीने में दर्द हुआ, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो गई। जिसके बाद उनके परिजनों ने 108 एंबुलेंस बुलाई। लेकिन एंबुलेंस काफी देरी से आई और उनकी हालत खराब हो गई।

इंद्रजीत सिंह को पीजीआई ले जाते समय वह रास्ते में बेहोश हो गए, जिस कारण उन्हें बद्दी अस्पताल ही ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि मरीज को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

उन्होंने बताया कि इंद्रजीत सिंह की मौत डेंगू से हुई है, इसकी जानकारी नहीं है, क्योंकि वह निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। हालांकि अब इसकी जांच की जाएगी।