हिमाचल में शातिरों ने युवती के खाते से उड़ाए इतने लाख रुपए…..
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन ठगी को लेकर लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। परंतु फिर भी लोग ठगी का शिकार हो रहे है। अब एक नया मामला कांगड़ा जिला के देहरा थाना में देखने को मिला है। यहां शातिरों द्वारा एक युवती के साथ धोखाधड़ी करने का मामला संज्ञान में आया है।
पीड़िता युवती ढलियारा के निकटवर्ती गांव कड़ोआ की रहने वाली है। पीड़िता युवती ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता युवती ने बताया कि उसके घर का इंटरनेट काम नहीं कर रहा था। जिसके बाद उसने गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया और उस पर मिले नंबर पर काॅल कर दी। इसके बाद कस्टमर केयर सेंटर की ओर से उसे एक ऑनलाइन फार्म भरने के लिए कहा गया।
फार्म भरने के बाद 10 रुपए का भुगतान करने को कहा। कुछ देर बाद युवती को बैंक खाते से 99,865 रुपए कटने का मैसेज प्राप्त हुआ। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने राशि को होल्ड करवाकर 65 हजार रुपए उसे वापस दिला दिए हैं। उधर, डीएसपी अनिल कुमार ने मामले की पुष्टि की है।